फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से निकाला एटीएम कार्ड
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया से शातिर ने एक ग्राहक का एटीएम कार्ड और उसका पासवर्ड फर्जी हस्ताक्षर करके निकाल लिया। इसके बाद आरोपी ने खाते से 24 हजार रुपए निकाल लिए।
कुछ दिन बाद पासबुक में एंट्री कराने पहुंचे पीड़ित को धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव वीरखेड़ा निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा पुत्र बलजीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मैंने हाल ही में बैंक ऑफ इंडिया बुलंदशहर में 18 मई 2017 में नया खाता खुलवाया था।
खाते पर अभी तक एटीएम कार्ड भी नहीं लिया है, जबकि खाते से दो जून 2017 की सुबह 10 से 11 बजे के बीच तीन बार में 24 हजार रुपए निकाले गए हैं।
इस संबंध में जब बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर से बात की तो उन्होंने बताया कि कोई व्यक्ति खाता खुलने के बाद रजिस्टर में हस्ताक्षर करके एटीएम जारी करा ले गया। इस बारे में जितेंद्र कुमार का कहना है कि हस्ताक्षर फर्जी हैं और वह एटीएम कार्ड नहीं ले गए हैं।
उन्होंने बताया कि रजिस्टर पर एटीएम कार्ड जारी करने की तारीख व समय भी दर्ज नहीं है। एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।