संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला युवक का शव
शिकारपुर। सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार दोपहर एक युवक का शव घर में फंदे से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। परिजनों ने बिना पुलिस और ससुरालियों को जानकारी दिए मृतक का देर शाम अंतिम संस्कार कर रहे थे। कहीं से जानकारी होने पर ससुरालियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव गिनौरा निवासी सुमित पुत्र जयशंकर शर्मा खेतीबाड़ी कर अपना व परिवार का पालन पोषण करते थे। चर्चा है कि बृहस्पतिवार दोपहर को सुमित का अपने परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद उसने खुद को अपने कमरे में बंद कर लिया। परिजनों के काफी कोशिशों के बाद भी सुमित ने कमरा नहीं खोला। परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो उसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। देर शाम परिजन मृतक के ससुरालियों को बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार करने लगे। लेकिन, कुछ ही देर में ससुरालियों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को चिता से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी अवधेश अवस्थी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही नजर आ रहा है। तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।