14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया कलुआ
- इंस्पेक्टर पर कुल्हाड़ी से आरोपी कलुआ ने किया था पहला वार
- बीते दिनों पुलिस ने किया था खुलासा, कुल्हाड़ी भी हुई बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। स्याना बवाल प्रकरण में इंस्पेक्टर पर कुल्हाड़ी से प्रहार करने वाले मुख्य आरोपी कलुआ को मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस कुल्हाड़ी को फोरेंसिक जांच के लिए भेज रही है।
बीते दिनों पुलिस ने स्याना बवाल में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और युवक सुमित की मौत का खुलासा किया था। इंस्पेक्टर की मौत के मामले में पुलिस ने बताया था कि इंस्पेक्टर पर आरोपी कलुआ ने सबसे पहले कुल्हाड़ी से वार किया था। इसके बाद इंस्पेक्टर को खेतों में दौड़ा कर, पथराव कर व उनकी पिस्टल छीन कर आरोपी प्रशांत नट ने गोली मारी थी। पुलिस प्रशांत नट को बीते दिनों ही जेल भेज चुकी है, लेकिन आरोपी कलुआ पुलिस के चंगुल से दूर था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार देर रात पुलिस ने आरोपी कलुआ को औरंगाबाद थाना क्षेत्र के सराय के निकट से दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इंस्पेक्टर पर हमले में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है। सीओ राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को सीजेएम कोर्ट से न्यायाधीश अवधेश पांडेय ने आरोपी कलुआ को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कुल्हाड़ी को फारेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी दबोच लिए जाएंगे।