मुठभेड़ में गोली लगने से 25 हजार का इनामी घायल
-लूट के इरादे से आ रहा था बदमाश, अग्रवाल फाटक के पास हुई मुठभेड़
-घायल बदमाश को पुलिस ने सरकारी अस्पताल में कराया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। अग्रवाल फाटक के पास बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया। वहीं बदमाश की फायरिंग से पुलिस की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज चालान कर दिया।
सीओ खुर्जा जगदीशचंद्र ने बताया कि कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह बृहस्पतिवार रात गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कोई बदमाश अग्रवाल फाटक के पास हाइवे से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कुछ देर में पुलिस को बाइक पर सवार एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर बदमाश बाइक को वहीं छोड़कर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने जब उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। जवाब में पुलिस ने भी बदमाश पर गोली चलाई। गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने बदमाश के पास से तमंचा कारतूस और एक बाइक बरामद कर ली है। पकड़े गए बदमाश की पहचान अनूपशहर थाना स्थिम मलकरपुर निवासी सोमदत्त उर्फ छोटे उर्फ कलवा के रूप में हुई। पुलिस ने बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।