दहेज की खातिर विवाहिता को जिंदा जलाया, मौत
- अस्पताल में उपचार के दौरान विवाहिता ने तोड़ा दम
- पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराबाद।
शादी के छह साल बाद भी बच्चा न होने और दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता की दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
ग्राम मोरोनी सलेमपुर जनपद बुलंदशहर निवासी कंछी सिंह पुत्र धारा सिंह ने बताया कि उसने दिसंबर 2012 में अपनी बेटी रेखा (27) की शादी सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव वीरखेड़ा निवासी नरेंद्र पुत्र प्रेम प्रकाश के साथ की थी। बताया कि नरेंद्र और उसके परिवार के लोग शादी में दिए दान-दहेज से खुश नहीं थे। कुछ दिन बाद ही वह बाइक व 50 हजार रुपये के लिए रेखा को प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वालों को समझाने के लिए बिरादरी, समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत भी की गई, लेकिन उन्होंने पंचायत की बात भी नहीं मानी। उसने बताया कि शादी के छह साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर ससुरालवाले रेखा को ताना भी दिया करते थे। ससुराल वालों के इस उत्पीड़न से रेखा ने अपनी हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। बताया कि शुक्रवार को गांव निवासी हरीश ने सूचना दी कि रेखा को उसके ससुराल वालों ने जला दिया है। सूचना पर वह रेखा की ससुराल पहुंचकर देखा तो वह गंभीर झुलस गई थी। उसने आनन-फानन में रेखा को उपचार के लिए बुलंदशहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। सोमवार को दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान रेखा की मौत हो गई। कोतवाल योगेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति नरेंद्र, ससुर प्रेमप्रकाश, सास मिथलेश, देवर लोकेश के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
- मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप
- शव पोस्टमार्टम को भेजकर पुलिस घटना की जांच में जुटी
खुर्जा जंक्शन। थाना क्षेत्र के गांव सौंदा में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मथुरा निवासी विजेन्द्र सिंह ने अपनी बेटी ममता (22) की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व सौंदा गांव में की थी। जानकारी के अनुसार सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में ममता की तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर कैलाश अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ममता के मौत की जानकारी मिलने पर मायके वाले भी पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि ग्रामीण जहरीले कीड़े के काटने से मौत होना बता रहे हैं। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही जानकारी मिल सकेगी।
संदिग्ध हालात में ससुराल से विवाहिता लापता
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता बीते दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल से लापता हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी साथ अनहोनी की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने अब तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र निवासी राजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी पुुत्री की शादी 21 दिसंबर 2016 को नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ की थी। आरोप है कि शादी में मिले उपहार से आरोपी ससुराल वाले खुश नहीं थे। अतिरिक्त दहेज के रुप में आरोपी कार की मांग कर रहे थे। काफी मान मनौव्वल के बाद भी आरोपी अपनी मांगों पर अड़े रहे। आरोप है कि 26 मई को उनका पुत्र बेटी की ससुराल में गया था। इस दौरान आरोपी ससुरालियों ने उनकी पुत्री के साथ गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों ने भाई के साथ भी अभद्रता करते हुए उसे घर से निकाल दिया था। आरोप है कि उसी शाम से उनकी पुत्री लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है।