नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म
- पीड़िता ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
खुर्जा। नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि एक युवक उसे किसी अनजान जगह पर ले गया। जहां चार-पांच लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह उनकी चंगुल से छूट कर आई पीड़िता घर पहुंची। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी युवक और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवती के मुताबिक वह 29 अप्रैल को दोपहर दो बजे कोचिंग से लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे पकड़कर टैंपो की तरफ खींचने लगा। विरोध करने पर आसपास के लोगों ने आरोपी युवक के माफी मांगने पर मामले को शांत करा दिया। आरोप है कि उसी दिन आरोपी युवक ने गांव के रास्ते में पीड़िता के धोखे से नशीला पदार्थ सुंघा कर कहीं अंजान जगह पर ले गया। होश आने पर पीड़िता ने खुद को जंगल में पाया। आरोप है कि युवक के साथ वहां मौजूद चार-पांच लोगों ने उसके साथ रेप किया। अनजान स्थान पर कई दिनों तक आरोपी दरिंदगी करते रहे। नौ मई को आरोपी फिर से किसी स्थान पर उसे लेकर जाने लगे। लेकिन वह चकमा देकर भाग गई। किसी तरह रोड पर आकर बस में बैठकर गाजियाबाद पहुंच गई। इसके बाद वह अपने बाबा के पास हरियाणा फरीदाबाद चली गई। बृहस्पतिवार को खुर्जा पहुंचकर पीड़िता ने तहरीर दी है। मामले में सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।