सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत, तीन घायल
खुर्जा। अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार रात नगला चीती गांव निवासी विमलेश (42) अपने गांव जाने के लिए हजरतपुर के पास हाइवे पार कर रहीं थी। इस दौरान एक वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसे में विमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीर और आसपास के लोगों ने देखा तो मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर महिला की मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मचा रहा। वहीं शुक्रवार रात में ही जंक्शन रोड पर रामपुर गांव निवासी कलुआ (21) साइकिल से अपने घर जा रहा था। इस दौरान गांव के ही पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में कलुआ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर शनिवार दोपहर लखावटी गांव के बाद कार ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार सिकंदराबाद निवासी प्रमोद, सुखपाल और नरेन्द्र घायल हो गए। वहीं आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।