छात्र का यौन उत्पीड़न करते कर्मचारी का वीडियो वायरल, मचा बवाल
सरकारी पॉलिटेकिभनक कालेज का मामला :
- मामले की गूंज लखनऊ मुख्यालय तक पहुंची, शासन ने किया तलब
- आरोपी कर्मी बोला रंजिशन कुछ लोगों ने वीडियो बनवाया
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। हाईवे स्थित एक सरकारी पॉलिटेक्निक कालेज में तैनात एक कर्मचारी द्वारा छात्र का यौन उत्पीड़न करते हुए एक वीडियो वायरल होने से बवाल मच गया है। इस मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई है। मामले में शासन ने आरोपी स्टेनो को तलब कर लिया है। इधर आरोपी कर्मचारी का कहना है कि कालेज के कुछ लोग उससे रंजिश मानते हैं और उन्होंने उसे रंजिशन फंसाया है। वहीं दूसरी ओर कालेज के छात्रों ने आरोपी स्टेनो पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा सभी प्रमुख अखबारों व चैनलों के दफ्तरों में सीडी और शिकायती पत्र भेजा है। छात्रों ने मामले में अधिकारियों से भी कार्रवाई की मांग की है। प्रकरण सामने आने के बाद से कालेज में भूचाल आ गया है।
सूत्रों की मानें तो कुछ छात्रों ने कमरे के बाहर खडे़ होकर पूरे प्रकरण को मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया था। इसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया। इस पूरे प्रकरण की गूंज लखनऊ तक पहुंचने के बाद कालेज में हंगामा मच गया। वहीं आरोपी कर्मी को लखनऊ से प्राविधिक शिक्षा निदेशक कफील अहमद ने तलब कर लिया। दूसरी ओर आरोपी कर्मी अपने को बेबुनियाद बताते हुए पूरे प्रकरण को साजिश करार दे रहा है। वहीं शनिवार को उक्त कालेज के छात्रों ने सभी प्रमुख अखबारों के दफ्तरों और चैनलों के ऑफिस में गुमनाम पत्र और सीडी भेजकर आरोपी स्टेनो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे प्रकरण की शासन स्तर से जांच चल रही है। वहीं लोगों के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।