अब ओपीडी में आने वालों की होगी एंटीजन किट से जांच
बुलंदशहर। अब जिला अस्पताल आने वाले मरीजों की एंटीजन किट से जांच की जाएगी। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अस्पताल प्रशासन ने यह पहल की है। अभी तक अस्पताल आने वाले मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन नगर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से करीब एक हजार मरीज प्राथमिक उपचार के लिए आते हैं। भीड़ अधिक होने और संक्रमण से बचाव के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी लेकिन बृहस्पतिवार से ओपीडी में आने वाले मरीजों की एंटीजन किट से जांच शुरू कर दी गई। अब अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य अफसर प्रतिदिन मरीजों की एंटीजन किट से जांच करने की तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार से ओपीडी में आने वाले मरीजों को अब हेल्प डेस्क पर एंटीजन किट से जांच कराने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि आम आदमी को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाने में अभी समय लगेगा। इससे पहले संक्रमण को रोकने के लिए ओपीडी में एंटीजन किट से जांच शुरू करवा दी गई है। प्रतिदिन 100 से अधिक लोगों की एंटीजन किट से जांच की जाएगी।