ओलंपिक कैंप के लिए शिवानी का चयन
बुलंदशहर। ओलंपिक गेम्स से पूर्व जनपद निवासी कैनोइंग खिलाड़ी शिवानी का चयन ओलंपिक कैंप में हुआ है। वह नेशनल कोचिंग कैंप में छह माह प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। उम्दा प्रदर्शन करने पर 2024 और 2028 ओलंपिक के लिए चुना जाएगा। शिवानी के चयन से परिवार और कोच ने खुशी जाहिर की।
सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र के गांव महेपा जागीर निवासी किसान रमेश चंद्र की पुत्री शिवानी कैनोइंग की खिलाड़ी हैं। वर्तमान में वह स्पोर्ट्स कोटे से एसएसबी में कार्यरत हैं। शिवानी के मामा और अंतरराष्ट्रीय कैनोइंग खिलाड़ी शांति स्वरूप ने बताया कि शिवानी अब तक ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में सात गोल्ड मेडल और नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल समेत 10 मेडल जीत चुकी हैं। गत 16 से 18 जनवरी तक भोपाल में आयोजित हुई 15 किमी की कैनोइंग प्रतियोगिता में शिवानी ने कांस्य पदक जीता था। लगातार उम्दा प्रदर्शन किए जाने पर उनका भारतीय कैनोइंग टीम में चयन हुआ है। मिशन ओलंपिक कैंप में छह माह प्रशिक्षण चलेगा। इस बीच समय-समय पर ट्रायल होगा और ट्रायल में सफल होने वाले खिलाड़ी को एशियन चैंपियनशिप और ओलंपिक क्वालीफाई के लिए चुना जाएगा। साथ ही उसी खिलाड़ी को 2024 ओलंपिक गेम्स और 2028 ओलंपिक कैंप के लिए चुना जाएगा। शिवानी का सपना और लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है। शिवानी ने अपने चयन का श्रेय अपने मामा शांति स्वरूप, माता-पिता और कोच को दिया है।