अब घर बैठे जान सकेंगे कोरोना रिपोर्ट
बुलंदशहर। कोरोना जांच के लिए सैंपल देने के बाद लोगों को अब जांच रिपोर्ट के लिए अस्पताल या कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की रिपोर्ट के लिए एक लिंक जारी किया है। लिंक के माध्यम से ऑनलाइन कहीं पर भी जांच रिपोर्ट पा सकेंगे।
जनपद में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जगह-जगह पर शिविर लगाकर लोगों के सैंपल लेकर जांच की जा रही है। एंटीजन में जहां मिनटों में लोगों को निगेटिव या पॉजिटिव होने की जानकारी मिल जाती है, वहीं, आरटीपीसीआर की रिपोर्ट के लिए लोगों को तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ जाता है। जिसकी रिपोर्ट के लिए लोगों को सरकारी चिकित्सालयों से लेकर सीएमओ कार्यालय तक के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई दिन तक चक्कर लगाने के बाद भी आसानी से लोगों को कोरोना की जांच रिपोर्ट नहीं मिल पाती है। जिसे शासन ने संज्ञान में लेकर एक वेबसाइट जारी की। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की जांच रिपोर्ट के लिए लिंक जारी कर दिया है। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा https://labreports.upcovid19tracks.in लिंक जारी किया गया है। इस लिंक पर अब कोई भी व्यक्ति अपनी कोरोना की जांच रिपोर्ट आसानी से देख सकेगा। बताया कि नई व्यवस्था शुरू होने से लोगों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बताया कि रिपोर्ट जानने के लिए लिंक पर क्लिक करने के बाद सैंपल देते समय दिया गया मोबाइल नंबर भरना होगा, इसके बाद संबंधित मोबाइल पर ओटीपी आएगा। ओटीपी भरते ही कोरोना की जांच रिपोर्ट आ जाएगी।