जिले में कोल्ड स्टोर फुल हो चुके हैं। एक भी कोल्ड स्टोर ऐसा नहीं है, जहां आलू रखने के लिए जगह हो। ऐसे में मंगलवार से चार क्रय केंद्रों पर खरीदा जाने वाला आलू का भंडारण अब प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया है।
बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत बुलंदशहर और स्याना नवीन मंडी में आलू के लिए क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। डिबाई में दौलतपुर खुर्द एवं अगौता में साबितगढ़ शुगर मिल के पास केंद्र बनाए गए हैं। आलू की खरीद सोमवार से शुरू होनी थी लेकिन सरकारी अवकाश के चलते अब मंगलवार से शुरू होगी।
अब सवाल यह है जब शीतगृहों में जगह ही नहीं है तो आलू का भंडारण कहां होगा।
उद्यान अधिकारी के मुताबिक जिस तरह दिनों दिन पारा चढ़ रहा है, इन हालातोें में आलू को फौरन शीतग्रह में भेजना जरूरी होगा। ऐसा नहीं किया गया तो आलू सड़न रोग की गिरफ्त में आ सकता है। हालांकि शासन की ओर से केंद्र पर 22 एमएम से 55 एमएम आकार का आलू ही खरीदने का निर्देश जारी किया गया है।
मानक से अलग आलू की नहीं खरीद होगी। केंद्रों पर बैनर लगाए गए हैं। कांटा, बाट तराजू और बोरी-बारदाने की व्यवस्था भी कर दी गई है। आलू की खरीद सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक सात जुलाई तक होगी।