यूपी परिवहन निगम में अनुबंधित बस परिचालक को यात्रियों से अभद्रता भारी पड़ गया। दरअसल, परिवहन मंत्री को ट्विटर पर इसकी शिकायत मिली तो उन्होंने अफसरों को कार्रवाई के आदेश ट्वीट कर दिए।
अनुबंधित बस कौशांबी डिपो (गाजियाबाद) की थी। यात्री ने प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को ट्विीट कर बताया कि वह 14 अप्रैल को खुर्जा से बुलंदशहर जाने के लिए कौशांबी डिपो की अनुबंधित बस में सवार हुए।
यात्री ध्रुव भारद्वाज ने बताया कि परिचालक को बुलंदशहर का टिकट काटने को 500 का नोट दिया। टिकट 19 रुपये का था। इस पर परिचालक ने नोट लेने से मना कर उन्हें बस से उतरने को कहा। पीड़ित यात्री ने इसकी सूचना परिवहन मंत्री को ट्विीट कर दी।
उसने बताया कि जब परिचालक के अभद्रता का विरोध किया तो उसे अपशब्दों का प्रयोग किया। इसपर मंत्री ने अफसरों को कार्रवाई का आदेश ट्वीट कर दिया। इसके बाद गाजियाबाद रोडवेज निगम के अफसर हरकत में आए और परिचालक को सस्पेंड कर दिया।