पॉटरी नगरी में सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश से मौसम कूल हो गया। गली मोहल्ले और सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। नालियों की सफाई न होने से सारा पानी सड़काें पर आ गया। यही हाल रहा तो गंदगी के चलते बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।
उधर, मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मंगलवार और बुधवार को भी बारिश हो सकती है। सुबह से ही घने बादल छाए रहे। करीब दस बजे झमाझम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश के कारण नगर के मोहल्लों में पानी भर गया।
यहां तक कि कचहरी रोड आदि मार्गों पर भी जलभराव की स्थित हो गई। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि बारिश से सोमवार को तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था वहीं सोमवार को 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को भी भारी बारिश हो सकती है।
दिन भर लगा रहा भीषण जाम, लोग हुए हलकान
नगर के कचहरी रोड से लेकर गांधी नगर रोड तक पूरे दिन जाम की स्थित बनी रही। अतिक्रमण के चलते पहले से ही लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा था। सोमवार को हुई बारिश के बाद रोड के किनारे जलभराव से स्थित और भी गंभीर हो गई।
आलम यह रहा कि वाहनों की लंबी कतार लग गईं। जाम को हटाने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को हुई बारिश के बाद रोड के किनारे जलभराव के कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया।
ऐसे में कचहरी रोड, गांधी रोड आदि मार्गों पर पूरे दिन रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लगती रहीं। लोग घंटों तक जाम में फंसकर परेशान रहे। दोपहर बाद रोड पर जाम से निजात मिल सकी।