खानपुर। बकाया बिजली बिल का भुगतान करने को लेकर बिजली कर्मचारियों ने एक उपभोक्ता के घर में घुसकर महिला से अभद्रता कर दी। जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने महिला के पति पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव प्याना निवासी रविंद्र ने बताया उन पर बिजली का 10 हजार रुपये का बिल बकाया चल रहा था। जिसके लिए फीडर के दो कर्मचारी बकाया मांगने घर पहुंचे। घर पर उपस्थित पत्नी ने फोन द्वारा जानकारी दी, जिसके चलते उन्होंने पांच हजार रुपये जमा कर दिए और शेष धनराशि एक दिन बाद देने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारी खर्चे के 500 रुपये मांगने लगे। पत्नी द्वारा रुपये न देने पर आरोपियों ने बदसलूकी की। जिसके चलते उनके द्वारा फीडर पर जाकर शिकायत की गई। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कर्मचारियों ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर सिर फोड़ दिया। सीओ दिलीप कुमार ने बताया कि घटना की शिकायत नहीं दी गई है। जल्द ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।