संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती से गौतमबुद्धनगर निवासी एक युवक ने खुद को यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक बताकर शादी कर ली। शादी के बाद जानकारी हुई कि आरोपी उपनिरीक्षक नहीं बल्कि कांस्टेबल है। आरोपी कांस्टेबल और उसके परिजन अब पीड़िता ने दहेज में कार व फ्लैट की मांग कर रहे हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात की यमुनापुरम कालोनी निवासी पीड़िता ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि कुछ माह पहले उसकी शादी गौतमबुद्धनगर के थाना दनकौर क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। युवक ने खुद को यूपी पुलिस में दरोगा बताया था। उसके पिता ने शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के बाद पता चला कि उसका पति दरोगा नहीं कांस्टेबल है। ससुराल वालों ने सच्चाई का पता चलने पर पहले उससे माफी मांगी, लेकिन बाद में दहेज में कार और फ्लैट की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोपी पति शराब पीकर उसकी पिटाई करता था। गर्भवती होने पर जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया गया। 25 जून 2022 को जेठ ने उसके कमरे में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। ससुराल वालों ने शिकायत करने पर उसकी पिटाई की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। देहात पुलिस ने आरोपी पति समेत सात ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।