बुलंदशहर। जनपद की सभी सातों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम और एसएसपी ने डिबाई तहसील में शिकायतें सुनीं। यहां 55 में से सिर्फ दो शिकायतों का निस्तारण हो सका। शेष फरियादियों को निराश लौटना पड़ा। पूरे जिले में कुल 220 शिकायतें आईं, जिनमें से 16 ही निस्तारित की जा सकीं।
शनिवार को डिबाई तहसील के सभागार में डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने शिकायतों को सुना। डीएम श्रुति ने सभी शिकायतों को समय सीमा के अंतर्गत निस्तारित करने के आदेश दिए। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस के बाद मोहम्मदपुर खुर्द स्थित गौशाला का निरीक्षण किया और गोवंशों के बेहतर रख रखाव के निर्देश दिए।
सदर तहसील में एडीएम फाइनेंस अभिषेक कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मौके पर विभिन्न विभागों से संबंधित 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। मौके पर एसडीएम सदर सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। स्याना में एसडीएम रविन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधा दिवस में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें मौके पर मात्र तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। शिकायत में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। सीओ रामकरण सिंह ने भी समस्याएं सुनीं।
शिकारपुर तहसील एसडीएम अरुण कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 90 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से मात्र 08 शिकायतों का मौके पर समाधान कर दिया गया। शेष बची 82 शिकायतों के समाधान के लिए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के लिए सौंपा। खुर्जा में एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 27 शिकायतें आईं, जिनमें राजस्व विभाग की एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। इस मौके पर तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सिकंदराबाद में दीपक कुमार पाल ने शिकायतों को सुना। मौके पर 9 शिकायतें आई, जिनमें से 5 राजस्व , 2 पुलिस व पालिका,एक-एक विद्युत व ब्लॉक की दर्ज की गई। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार अंकित सिंह ,नायब तहसीलदार हेमंत चौधरी, बीडीओ निशांत पांडे समेत तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अनूपशहर में एडीएम प्रशासन प्रमोद कुमार पांडे ने शिकायतों को सुना। मौके पर विभिन्न विभागों से संबंधित सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का ही निस्तारण हो सका। इस मौके पर एस पी देहात डा. तेजवीर सिंह, एसडीएम प्रियंका गोयल, सीओ विकास प्रताप चौहान, तहसीलदार संजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व पेशकार पर रुपये लेने का आरोप
खुर्जा। तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक पीड़ित ने एसडीएम के पूर्व पेशकार पर 30 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत पीड़ित ने एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय से की। आसफपुर गांव निवासी रघुराज सिंह ने बताया कि एसडीएम न्यायालय में उनका धारा 116 यूपीआरसी के अंतर्गत मामला विचाराधीन है। आरोप है कि पूर्व पेशकार ने मामला निस्तारण के लिए उनसे 30 हजार रुपये लिए, लेकिन कोई समाधान नहीं कराया। अब पेशकार रुपये वापस देने से भी इन्कार कर रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम से कही। इस दौरान सीओ शोभित कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में आईं कुल 27 में से एक शिकायत का निस्तारण हो सका।