मां-बाप के आंख फेरने के बाद बेबस बिटिया का सहारा अब सरकारी मशीनरी बनेगी। फौरीतौर पर मंजू की आर्थिक मदद करने का आदेश सीएमओ को दे दिया गया है। मुख्यमंत्री को मंजू की फाइल भेजी जा रही है। मंजू के उपचार के लिए डीएम पांच से छह लाख रुपये की मदद की संस्तुति कर सकते हैं।
एडीएम अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि मंजू तोमर हड्डी के असाध्य रोग से पीड़ित है। मंजू को उपचार के साथ-साथ आर्थिक मदद की भी सख्त जरूरत है। शुक्रवार के अंक में अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एडीएम प्रशासन ने सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी को मंजू के हालात समझकर आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
एडीएम प्रशासन के मुताबिक मुख्यमंत्री राहत कोष से भी जल्द ही मंजू की मदद कराई जाएगी। इस संबंध में फाइल तैयार करवा ली गई है। बता दें कि शिकारपुर तहसील क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी मंजू तोमर की हड्डियां गलने लगी हैं। हड्डियां ब्रेक भी हो रही हैं। विपरीत हालात में मां-बाप ने भी मंजू का साथ छोड़ दिया। 31 साल की मंजू का वजन मात्र 27 किलो है। मंजू देखने में बच्ची लगती है। खासबात यह है कि मंजू के लिए प्रशासन की मदद का दायरा भी सिमटा रहा।