शहर की सफाई अब ठेके पर होगी। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में छह वार्डों के लिए ठेके पर सालभर के लिए 152 सफाई मजदूरों को रखे जाने पर सहमति बनी। वहीं कांशीराम आवासीय कालोनी में सफाई के लिए 12 सफाई कर्मी सालभर के लिए तैनात किए जाएंगे।
बैठक में 13 प्रस्ताव शामिल किए गए। इनमें से आधा घंटे में 11 प्रस्तावों पर मुहर लगा दी जबकि दो प्रस्ताव निरस्त हो गए। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक की अध्यक्षता पालिका चेयरमैन पिंकी गर्ग, ईओ एके सिंह और सभासद मौजूद रहे। चेयरमैन के आदेश पर ईओ ने प्रस्तावित प्रस्तावों को पढ़कर सुनाया।
एक के बाद एक 11 प्रस्तावों पर सहमति बनी जबकि दो प्रस्ताव निरस्त हो गए। बैठक शांतिपूर्वक होने पर उपस्थित सभी ने राहत की सांस ली। सर्दी में लकड़ी खरीदे जाने वाले प्रस्ताव पर कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई लेकिन बाद में सहमति बन गई।
इन प्रस्तावों पर बनी सहमति
जिन भवन स्वामियों को 15 प्रतिशत गृहकर और जलकर की छूट नहीं मिली उन्हें 31 मार्च तक का समय दिया जाएगा।
भारत सरकार की अटल मिशन के तहत नगर में सीवरेज योजना बनाई जाए।
अटल मिशन के अंतर्गत स्लिप की परियोजनाओं हेतु पब्लिक कंसलटेंट और अमृत को अंगीकार किए जाने के संबंध में नगर पालिका के संकल्प की मांग पर सहमति बनी।
मौहल्ला देवीपुरा में श्मशान घाट पर विद्युत शवदाह की स्थापना, विद्युत शवदाह की मशीन और जनरेटर आदि खरीदने पर सहमति बनी।
शीतलहर व ठंड में 500 क्विंटल लकड़ी खरीदने के प्रस्ताव पर सहमति बनी।
इन प्रस्तावों पर नहीं बनी सहमति
काली नदी पुल पर पांच सीट शौचालय, डीएवी तिराहे पर बाईपास की नहर सेतु निर्माण के नीचे शौचालय और भूड़ चौराहे पर शौचालय पर सहमति नहीं बनी।
ठेका पार्किंग स्टैंड हेतु सर्वाधिक निविदा पर सहमति नहीं बन पाई। इसका कारण यह रहा कि अभी इसके लिए तीन माह का समय बचा है।