खुर्जा में पुलिस और चोर के बीच हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी। संवाद
- फोटो : samvad
खुर्जा। बीते 11 दिनों में दो घरों से चोरी करने वाले आरोपी को खुर्जा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी की गई 13 हजार रुपये नकदी, एक मोबाइल फोन, एक तमंचा और एक बाइक बरामद की गई। आरोपी पर पूर्व में नौ मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ शोभित कुमार अत्री ने बताया कि रविवार सुबह खुर्जा नगर पुलिस झाझर रोड पर गांव भौपुर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर की बाइक देख पुलिस ने चालक को रोकने का इशारा किया। आरोपी बाइक वापस मोड़कर खेतों की तरफ भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रोक लिया।
पुलिस से घिरता देख आरोपी ने फायरिंग की, बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान नौशाद निवासी सारसौल जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा था।
आरोपी ने एक दिन पहले गुलशन विहार कॉलोनी में एक घर से गहने चोरी किए थे। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।