संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। ठग ने बैंक के बकाया का फर्जी नोटिस भेजकर एक युवक से 30 हजार रुपये ठगी कर ली। फोन पर आरोपी ने पीड़ित को खुद को पुलिस विभाग का दरोगा बताया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात क्षेत्र के गांव काहिरा निवासी मुकेश शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों उसके फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को दरोगा बताकर व्हाट्सएप पर एक कोर्ट नोटिस भेजा। कोर्ट नोटिस में दिए गए फोन नंबर पर संपर्क किया तो एक व्यक्ति ने बैंक का 30080 रुपये बकाया बताया। इस बकाया को जमा नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दी गई और डराते हुए उससे दो बार में 30080 रुपये की धनराशि खाते में ट्रांसफर करा ली। इसके बाद आरोपियों ने एक फर्जी नो ड्यूज प्रमाण पत्र बनाकर उसे व्हाट्सएप पर भेज दिया। आरोप है कि अब आरोपी फिर से उसके पास फोन करते हुए धनराशि की मांग कर रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल फोन नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।