हाईवे पर मां-बेटी से गैंगरेप मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम शनिवार सुबह आरोपी शाबेज के घर पहुंची। जनपद हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव धहपा में शाबेज की मां फैमिदा से सीबीआई ने करीब डेढ़ घंटे पूछताछ की। टीम शाबेज के रिश्तेदारों के नंबर और शाबेज की आईडी लेकर लौट आई।
29 जुलाई की रात कोतवाली देहात क्षेत्र के दोस्तपुर गांव के निकट हाईवे पर मां-बेटी से गैंगरेप की वारदात हुई थी। पुलिस ने धहपा निवासी शाबेज, रबूपुरा निवासी जबर सिंह और सुतारी निवासी रईस को एक सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद कन्नौज निवासी सलीम, जुबेर उर्फ परवेज और साजिद को नौ अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई टीम मामले की जांच कर रही है। सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद दोबारा जांच में जुटी सीबीआई टीम शनिवार को रबूपुरा निवासी आरोपी जबर सिंह के घर पहुंची। वहां टीम ने परिजनों के साथ पूछताछ की। इसके बाद चार सदस्यीय टीम सुबह 11.30 बजे शाबेज के घर पहुंची। चार सदस्यीय टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं।
टीम ने शाबेज की मां फैमिदा से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। टीम के कुछ सदस्यों ने घर की तलाशी ली और शाबेज की आईडी ली। टीम ने फैमिदा से शाबेज के रिश्तेदारों के फोन नंबर भी लिए। डेढ़ घंटे तक पूछताछ होने के बाद फैमिदा ने सीबीआई टीम से कहा कि उसका बेटा निर्दोष है। साथ ही पूछा कि क्या उसका बेटा छूट जाएगा। सीबीआई टीम के सदस्य बिना कुछ बोले ही चले आए।