जेवर में बुलंदशहर-पलवल मार्ग पर शनिवार तड़के करीब चार बजे सड़क पर हुए तीन से चार फीट गहरे गड्ढों में भारी वाहनों के खराब होने से लगभग 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद दोपहर में वाहनों को निकलवाकर पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया।
जेवर सहित आसपास के गांव के लोगों के लिए बुलंदशहर-पलवल मार्ग पर लगने वाला जाम मुसीबत बन चुका है। शनिवार तड़के चार बजे गोपालगढ़ गांव के पास सड़क में हुए गहरे गड्ढे में कुछ वाहन फंसकर खराब हो गए, जिससे जाम लगा गया।
सुबह होने तक बुलंदशहर की तरफ जेवर कस्बे सहित यमुना एक्सप्रेसवे जेवर इंटरचेंज के अलावा साबौता गांव तक ट्रकों की लाइन लग गई। वहीं, पलवल की तरफ से आने वाले वाहन यमुना पुल तक लाइन लग जाने से भयंकर जाम में फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जेवर कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों केे साथ सभी खराब व फंसी हुई गाड़ियों को निकलवाना शुरू किया।
‘टैक्स लेने के बाद भी नहीं बनतीं सड़कें’
जाम में फंसे सैकड़ों वाहन चालकों ने स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार पर सड़कें नहीं बनाने का आरोप लगाया। चालकों ने कहा कि टैक्स जमा करने में एक दिन की देरी होने पर वाहन मालिकों को जुर्माना भरना पड़ता है। महीनों से टूटी सड़कें बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार पूरी तरह बेसुध है।