बुलंदशहर। जिले में 15 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को गाइड लाइन जारी की है। परीक्षाओं में प्रश्न पत्रों के बंडलों की अदला-बदली न हो सके इसके लिए बंडलों पर कोड दिया है। एप से केंद्र व्यवस्थापकों को कोड स्कैन करना होगा और उसके बाद ओटीपी आएगा। ओटीपी प्राप्त होने के बाद वह प्रश्न पत्रों के बंडलों को केंद्रों पर ले जा सकेंगे।
सीबीएसई परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं डीपीएस के प्रधानाचार्य डीएस यादव ने बताया कि जिले में परीक्षाएं कराने के लिए 26 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कक्षा 10वीं के 10862 और कक्षा 12वीं के 8,020 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रश्न पत्रों की अदला-बदली और किसी प्रकार का फर्जीवाड़ा न हो सके इसके लिए सीबीएसई ने नया प्रयोग किया है। सभी विषयों के प्रश्नपत्रों को एक कोड दिया गया है।
केंद्र व्यवस्थापक जब प्रश्न पत्र लेने के लिए ट्रेजरी को जाएंगे तो वहां बैग पर लगे कोड को सीबीएसई की एप से स्कैन करेंगे और यह कोड सीबीएसई के पास जाएगा। इसके बाद को वहां से ओटीपी मिलेगा और ओटीपी कन्फर्म होने के बाद प्रश्न पत्रों के बैग को लेकर जा सकेंगे। संवाद