बुलंदशहर। जिले में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा सोमवार को भी जारी रही। कक्षा 10वीं के अंग्रेजी विषय के पेपर में 9861 परीक्षार्थी शामिल हुए। 25 केंद्रों पर चल रही परीक्षा पर सीसीटीवी से निगरानी की गई। पर्यवेक्षकों ने भी केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। वहीं, परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं ने पेपर को आसान बताया और वह खुश दिखाई दिए।
सीबीएसई में 10वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय का पेपर सुबह 10:30 बजे से शुरू हुआ। इससे पहले ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा दोपहर बाद 01:30 बजे तक जारी रही। 25 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं की परीक्षा के लिए 9,987 और 12वीं की परीक्षा के लिए 8,300 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सोमवार को सीसीटीवी की निगरानी में 10वीं अंग्रेजी विषय की परीक्षाएं संपन्न कराई गईं। इसमें अंग्रेजी कम्युनिकेटिव विषय 101 कोड की परीक्षा में 398 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। जबकि अंग्रेजी लैग्वेज व लिटरेचर विषय 184 कोड की परीक्षा में 9463 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। परीक्षा के नोडल अधिकारी डीएस यादव ने बताया कि जिले में 25 केंद्रों पर परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी में चल रही है। परीक्षा को बोर्ड की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशानुसार ही कराया जा रहा है। इसके लिए सीबीएसई की ओर से सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को पूर्व में ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। परीक्षा देने लौटे तमाम छात्र-छात्राओं ने पेपर आसान बताते हुए कहा कि अच्छे नंबर आएंगे। सभी प्रश्नों का उत्तर सही दिया है। जो भी तैयारी की थी, उससे संबंधित ही प्रश्न शामिल रहे।