बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदिल नगर में नशे के आदी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को झांसा देकर बेटी की शादी के लिए जमा किए 4.50 लाख रुपये हड़प लिए और विरोध करने पर पत्नी व अपनी ही दो बेटियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि सिरफिरे पिता ने अपनी बेटी का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश भी की।
पत्नी का आरोप है कि पति ने उसे बिना तलाक दिए दूसरा निकाह भी कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रेशमा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 22 वर्ष पूर्व शहजाद के साथ हुआ था। उनसे उनके 5 बच्चे हैं। पीड़िता दूसरों के घरों में साफ-सफाई का काम कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रही है।
उसने अपनी बड़ी बेटी गुलिस्ता की शादी के लिए 4.50 लाख रुपये जोड़कर रखे थे। आरोप है कि करीब तीन साल पहले बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर चुके पति शहजाद की नजर इन रुपयों पर पड़ गई। उसने कारोबार करने का झांसा देकर और भविष्य में बेटी की शादी का खर्च उठाने का वादा कर रेशमा से सारे पैसे ऐंठ लिए।
रेशमा का आरोप है कि पैसे लेने के बाद शहजाद ने 2 लाख रुपये की एक पुरानी कार खरीदी और बाकी पैसों से झाड़ू-वाईपर का व्यापार शुरू करने का नाटक किया। कुछ ही दिन बाद उसने सारा माल बेचकर पैसे अपनी जेब में रख लिए। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।
बीते 3 अप्रैल की सुबह आरोपी घर में घुसा और खर्चे के लिए 10 हजार रुपये की मांग करने लगा। इनकार करने पर उसने रेशमा को पीटना शुरू कर दिया। मां को बचाने आई उसकी दो बेटियों, गुलिस्ता और शाइस्ता के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। आरोप है कि उसने शाइस्ता का गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।