मिट्ठेपुर में स्टेट हाईवे पर मंगलवार तड़के सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में मुर्गियों से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में कैंटर सवार दो लोग घायल हो गए। कई मुर्गियां भी मर गई। पोल क्षतिग्रस्त होने से पांच गांवों की आपूर्ति ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार नासिर पुत्र नसीर निवासी झांसी तथा कृष्णनंदन पुत्र कपेतेसवर निवासी बिहार चिकन बेचने का काम करते हैं। दोनों कैंटर से मुर्गियां लादकर पंजाब से झांसी जा रहे थे। इसी दौरान मिट्ठेपुर के सामने सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में कैंटर अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया।
हादसे में चालक सहित व्यापारी घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पोल क्षतिग्रस्त होने से गांव खुशहालपुर, सैंठा, रसूलपुर, मिट्ठेपुर, सेगड़ापीर की आपूर्ति ठप हो गई। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को मौके से हटाया गया।
उधर, पॉवर कॉरपोरेशन के अवर अभियंता अजय कुमार का कहना है कि दुर्घटना से 11 हजार केवीए की लाइन के तार टूट गए, जिससे खुशहालपुर फीडर से जुड़े पांच गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।