रालोद विधानसभा के प्रत्याशी का चयन बूथ कमेटी की लिस्ट से होगा। प्रत्याशी उसी कार्यकर्ता को बनाया जाएगा जो बूथ तक पकड़ और जमीन से जुड़ा और पार्टी की नीतियों
से अवगत होगा।
बूथ लिस्ट की पहले जिला अध्यक्ष, फिर मंडलाध्यक्ष और उसके बाद हाईकमान द्वारा सत्यापन किया जाएगा। लिस्ट में शामिल कार्यकर्ता काएक बूथ 10 यूथ के तहत नाम और मोबाइल नंबर भी देना होगा।
रालोद की इस रणनीति का खुलासा बुधवार को पार्टी के संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान ने आवास विकास स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारवार्ता में किया। उन्होंने दावा किया कि हाईकमान का फैसला है कि पार्टी प्रत्याशियों की जुलाई के अंत तक घोषणा कर दी जाएगी।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि विधानसभा चुनाव में रालोद चीनी मिलों पर किसानों के गन्ने का बकाया, चीनी मिलों की मनमानी, किसानों के कर्जे माफ, फसलों का उचित मुआवजा ना मिलने और बिजली की बढ़ती दरों आदि को मुद्दा बनाया जाएगा।
पार्टी यूथ को आगे लाकर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया जा चुका है कि वह यूथ को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़े।गठबंधन के सवाल पर सांगवान ने कहा कि यह निर्णय हाईकमान द्वारा लिया जाएगा। उनके साथ जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी और युवा रालोद प्रदेश सचिव कुंवरवीर सिंह मौजूद रहे।