पहली बारिश के साथ ही नगर पालिका में दर्जनभर इलाकों में नाली और नाला निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ का प्रस्ताव पास कर दिया। वहीं, जानकार बताते हैं कि नाला निर्माण्ा में कम से कम दो महीने तो लग ही जाएंगे तब तक बरसात बीत चुकी होगी।
बुधवार को पालिका चेयरपर्सन पिंकी गर्ग की अध्यक्षता में नगर पालिका की बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब तीन करोड़ रुपये के 17 प्रस्ताव रखे गए। इसमें मुख्य रूप से नाला निर्माण, एलईडी लाइट, संविदा पर सफाई कर्मियों की नियुक्ति के प्रस्ताव प्रमुख हैं।
करीब डेढ़ करोड़ रुपये नाला निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा एलईडी लाइटोें पर भी करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बैठक में राज्य वित्त आयोग के बजट से पांच करोड़ रुपये के निर्माण विकास कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।
कुछ प्रस्तावों पर एक-दो सभासदों ने आपत्ति जताई, लेकिन मंथन के बाद उन्हें भी पास कर दिया गया। वहीं, भूड़ में नगर पालिका करीब तीन बीघा में स्थित पोखर की जमीन को कब्जामुक्त कर इसे पिकनिक प्वाइंट के रूप में विकसित करेगी।
इस मौके पर सभासद ऋषिपाल सिंह, सुनील शर्मा टीटू, सुरेखा चौधरी, मनमोहन यादव, अब्दुल नाफे अंसारी, योगेश गुप्ता, सुखदेव शर्मा, राहुल यादव, मनमोहन, भोलानाथ मौजूद रहे।