बिजली सप्लाई न मिलने पर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट समेत जिलेभर में जमकर विरोध प्रदर्शन हुए। अफसरों को बंधक बनाकर धूप में बिठाया गया। अनूपशहर अड्डा बिजलीघर पर लोगों ने एसडीओ-जेई को बंधक बनाकर अभद्रता की।
सूचना पर पुहंची पुलिस ने समझाबुझाकर लोगों को शांत किया। शुक्रवार को अनूपशहर अड्डा बिजलीघर पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने जेई विनय कुमार को बंधक बना लिया। आरोप है कि इस दौरान उनसे अभद्रता की गई।
सूचना पर पहुंचे एसडीओ को भी लोगों ने वहीं बिठा लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो अफसरों ने लोगों समझाया। इस दौरान सभासद सोनू पाठक, नसरीन, फात्मा, फिरदौस, वाहिदा, निशा, मुन्नी, परवीन, सहजादी, रहमत, फारुख, हबीब, हिमांशु शर्मा, राजीव, इलियास, सिराज, निसार आदि मौजूद रहे।
वहीं कलक्ट्रेट में बिजली कटौती से गुस्साए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो नेता कविंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
लोगों का कहना था कि दिनभर में महज 5 से 6 घंटे आपूर्ति की जा रही है। विरोध करने वालों में सचिन सक्सेना, शिव कुमार, सोनू शर्मा, आनंद गुप्ता, राजकुमार, विनोद, टेकचंद, सतपाल सिंह आदि रहे।
लोकल स्तर से कटौती नहीं की जा रही है। लखनऊ कंट्रोल रूम से इमरजेंसी रोस्टरिंग हो रही है। इसके अलावा हरदुआगंज और कासिमपुर पावर हाउस का सिस्टम फेल हो गया है, जिसके कारण कटौती बढ़ गई है। जल्द ही बिजली कटौती से निजात मिल जाएगी।-डीसी शर्मा, एक्सईएन बुलंदशहर