पहासू के गांव पठान टोला में हुई घटना के बाद समीम के घर विलाप करते परिजन। संवाद
पहासू। थाना क्षेत्र के पठान टोला मोहल्ला में शराब के नशे में इमरान ने अपने डेढ़ वर्षीय मासूम अदनान की गला दबाकर हत्या कर दी। ऐसे में समीम पर तीन बेटियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी आ गई। पीड़िता अब दर-दर भटकने और भीख मांगने को मजबूर हैं। समीम ने बताया कि पहले पति से अलग होने के बाद उन्होंने पहासू के पठान टोला निवासी इमरान से उन्होंने दूसरा निकाह किया था। वहीं, इमरान और समीम का एक बेटा अदनान हुआ। आरोप है कि इमरान को शराब की लत थी, जिसके चलते वह आए दिन घर में मारपीट व क्लेश करता था।
बृहस्पतिवार शाम को भी इमरान ने पीड़िता के साथ मारपीट की। घर में मौजूद भूखे तीन बेटियों जिया, सादिका, मोटी और डेढ़ साल के मासूम बेटे अदनान के लिए खाने का प्रबंध करने लिए समीम भीख मांगने चली गई। जब घर आई तो देखा कि उनका बेटा अदनान बदहवास अवस्था में पड़ा था, जिसको अस्पताल लेकर गईं। जहां चिकित्सकों ने बच्चे अदनान को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, पड़ोस में रहने वाले लोगों और उनकी बेटियों ने बताया कि पिता इमरान ने अदनान का गला दबा दिया था और इसके बाद उसको नदी में फेंकने जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी इमरान को हिरासत में ले लिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम जांच के बाद अदनान का शव घर पहुंचा, जिसको देख समीम व नानी शहजादी बिलख उठीं।
बेटे के लिए देखे थे सपने, सब टूट गए
समीम ने बताया कि तीन बेटियां उनके पहले पति से थीं। इमरान और उनका बेटा अदनान था। आर्थिक तंगी के चलते इमरान अवसाद में रहने लगा और शराब पीने लगा। बेटे के जन्म से उम्मीद थी कि बड़ा होकर वह उनका सहारा बनेगा। इसको लेकर उन्होंने काफी सपने देखे थे।
आरोपी को इमरान को भेजा जेल
सीओ शिकारपुर दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि बच्चे की हत्या की आरोप में आरोपी इमरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बृहस्पतिवार रात को पठान टोला मोहल्ला से आरोपी इमरान को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।