नाराज किसानों ने घेरा डीसीओ दफ्तर, चीनी मिलों के खिलाफ प्रदर्शन
बुलंदशहर। बकाया गन्ना भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ सोमवार को भारतीय किसान यूनियन ने डीसओ कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने हापुड़ की सिंभावली चीनी मिल पर गन्ना डालने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाते हुए पहले बकाया गन्ना भुगतान करवाने की मांग की। डीसीओ से भाकियू की काफी देर तक वार्ता चली। मांग पूरी न होने पर किसानों ने सात नवंबर को जनपद में आ रहे प्रदेश के गन्ना मंत्री का घेराव करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को बड़ी संख्या में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी जनपद के गन्ना किसानों के साथ जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर पहुंचे और समस्याओं को लेकर नारेबाजी की। गुस्साए कार्यकर्ता गन्ना अधिकारी के कार्यालय पर कब्जा करके बैठ गए। भाकियू जिलाध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। चीनी मिलों द्वारा किसानों का अभी गन्ना भुगतान नहीं किया गया है। करोड़ों रुपया चीनी का मिलों पर बकाया चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं है। प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन यशवीर सिंह ने कहा कि जो चीनी मिल किसानों का भुगतान समय से करेगी किसान उसे अपना गन्ना देगा। प्रदेश सचिव कैप्टन बिशन सिंह सिरोही ने कहा कि गन्ना किसान पूरी तरह से सरकार और चीनी मिल अफसरों के बीच पिस रहा है। जिला संरक्षक बाबा दयाचंद त्यागी ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय से समाधान नहीं हुआ तो सात नवंबर को अनूपशहर चीनी मिल में आ रहे गन्ना मंत्री का किसान घेराव करेंगे। वहीं, किसानों द्वारा हंगामा करने और डीसीओ कार्यालय का घेराव करने की सूचना मिलते ही मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट, डीसीओ और सीओ भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। देर शाम तक अफसर किसानों को समझाते रहे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष गुलवीर सिंह, धर्मेद्र सिंह, केपी तेवतिया, सतेंद्र, केके शर्मा, सुंदर सिंह, धर्मेन्द्र शर्मा, सलीम खां सहित अन्य किसान मौजूद रहे।