राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना में चयनित होंगे 100 गांव
बुलंदशहर। गोवंश के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चलाई गई राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना जनपद में भी शुरू हो गई है। इस योजना के तहत जनपद के 100 गांवों का चयन होगा। इन सभी गांवों में 200-200 दुधारू पशुओं का निशुल्क कृत्रिम गर्भाधान होगा।
जनपद के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीनारायण ने बताया कि सरकार की ओर से खासकर गोवंश के संरक्षण और उनको बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना संचालित की है। इस योजना को जनपद में भी शुरू कर दिया गया है। इसके तहत जनपद के 100 गांवों को चयनित किया जाना है। यह सभी गांव जनपद के 16 ब्लॉकों से चिन्हित किए जाएंगे। इन गांवों का चयन होने पर यहां के 200-200 पशुओं का भी चयन किया जाएगा। इनमें गोवंश के साथ भैंस भी शामिल की जाएंगी। चयनित पशुओं का विभाग की ओर से निशुल्क कृत्रिम गर्भाधान होगा। साथ ही जब तक पशु बच्चा नहीं देंगे, तब तक उनके स्वास्थ्य आदि पर क्षेत्र के पशु चिकित्सक समय-समय पर जांच आदि करेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत विभाग की ओर से काम शुरू हो गया है। जल्द ही गांवों का चयन कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों के अलावा ब्लॉक स्तर पर तैनात पशु चिकित्सकों आदि को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस योजना के संचालित होने पर चयनित होने वाले गांवों के पशुपालकों को लाभ मिलेगा।