तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर
शिकारपुर। सलेमपुर थाना क्षेत्र में मेरठ बदायूं स्टेट हाईवे पर कैलावन गांव के निकट रविवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। गंभीर अवस्था में उन्हें जिला चिकित्सालय से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है।
रविवार शाम जहांगीराबाद निवासी रजत पुत्र देवेंद्र शर्मा तथा दीपक पुत्र मुकेश शर्मा बाइक से अपनी रिश्तेदारी में सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव चितसोन आए थे। जहां से लौटते समय थाना क्षेत्र में मेरठ बदायूं स्टेट हाईवे पर कैलावन गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई, इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां से दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया की हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है । रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।