मेड को आई छींक तो अस्पताल में छोड़ भागा मालिक
सिकंदराबाद। एक छींक घरेलू नौकरानी के लिए मुसीबत बन गई। इसी बीच एक परिवार के एक सदस्य की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आ गई तो मालिक उसे सिकंदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती करा गए। एक सप्ताह से उन्होंने मेड की कोई खैर खबर नहीं ली।
नगर के एक अस्पताल में भर्ती झारखंड निवासी युवती ने बताया कि वह मेड है। उनके गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे गुड़गांव के एक घर में मेड की नौकरी दिलाई थी। इससे पहले वह कानपुर, लखनऊ, में भी काम कर चुकी है। उसने बताया कि एक दिन काम करते समय उसे छींक आ गई। इसके बाद परिवार के एक सदस्य की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने का कारण उसे मानते हुए परिवार के सदस्य उसे 19 अप्रैल को सिकंदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराकर चले गए। इसके बाद आज तक उन्होंने उसका पता नहीं लिया। आरोप है कि न तो उसकी कोरोना जांच की गई है और उपचार के नाम पर केवल एक बेड मिला हुआ है। इसके अलावा उसे कोई दवा आदि भी नहीं दी जा रही है। मरीजों को मिलने वाले खाने से वह अपना पेट भर रही है। वह अपने घर जाना चाहती है, लेकिन अस्पताल वाले उसे छुट्टी नहीं दे रहे है। जब इस संबंध में अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की गई तो किसी भी स्तर पर संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।