अब आइपीपीबी में होगा हर परिवार का खाता
बुलंदशहर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना डिजिटल इंडिया के तहत डाक विभाग ने अब हर परिवार का खाता खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। शासन की सक्षम ग्राम योजना के तहत डाक विभाग ने गांव सिखेड़ा में प्रत्येक परिवार का खाता खोलकर अभियान की शुरूआत कर दी है। अनूपशहर क्षेत्र के एक गांव को चिह्नित कर खाता खोलने की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि शासन ने प्रत्येक घर और दुकानों के बचत और चालू खाते खोलने के सक्षम ग्राम योजना शुरू की है। इसके लिए डाक विभाग द्वारा आइपीपीबी में प्रत्येक परिवार का खाता खोला जाएगा। इससे सरकार के डिजिटल इंडिया के सपने को भी बल मिलेगा। साथ ही भारत के प्रत्येक गांव को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के मिशन में तेजी भी आएगी। डाक अधीक्षक केएस यादव ने बताया कि विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। अब शासन के निर्देश पर सक्षम ग्राम योजना शुरू की गई है। इसके तहत पहले चरण में जनपद के दो गांव में प्रत्येक परिवार को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में खाता खोला जाएगा। योजना के तहत गांव सिखेड़ा के प्रत्येक परिवार का खाता खोलकर योजना की शुरूआत कर दी है। जल्द ही जनपद के अन्य गांव के परिवार के लोगों को खाता खोलने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर लोगों को जानकारी भी दी जाएगी।