मूड़ाखेड़ा में पुलिस के सामने ही मारपीट-फायरिंग
खुर्जा। नगर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित मूड़ाखेड़ा चौराहे पर प्रापर्टी के विवाद में पुलिस के सामने ही दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। इतना ही नहीं तमंचे से हवाई फायरिंग भी की गई। मारपीट में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि उसे किसी पक्ष ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
मुंडाखेड़ा चौराहे के पास कुछ दुकानें हैं। इसे लेकर दो पक्षों में पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। सोमवार की सुबह अनलॉक होने पर एक पक्ष अपनी मिठाई की दुकान खोलने के लिए पहुंचा था। आरोप है कि दूसरा पक्ष दुकान पर ताला डालने के लिए पहुंच गया। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट के दौरान पुलिस वहां मौजूद थी और तमाशबीन बनी रही। मारपीट में दोनों पक्षों से मोहल्ला सराय अल्लो निवासी आसिफ, दानिश, अकरम और आरिफ सहित छह लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान किसी ने वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो में पुलिस के सामने लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ लोग एक दूसरे को पीट रहे हैं। बाद में किसी तरह पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों की मानें तो उनका कहना है कि झगड़े के दौरान हवाई फायरिंग भी की गई थी। लेकिन पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही है। सीओ खुर्जा सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवाद किराएदार और मकान मालिक के बीच प्रापर्टी को लेकर है। मारपीट में फायरिंग की कोई सूचना नहीं मिली है।
प्रापर्टी के लिए काफी समय से चल रहा विवाद
मामले में पीड़ित पक्ष का कहना है कि वह 20 साल से किराएदार है। जिसका वाद कोर्ट में चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों को पुलिस की सह मिली हुई है। पुलिस की साठगांठ है। पुलिस जबरन कब्जा करवा रही है और ताले डलवा रही थी।
घटना की शहर में रही चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद मामले को जानने के लिए लोग एक दूसरे को फोन लगाकर पूछते रहे। पूरे शहर में यह घटना चर्चा का विषय बनी रही। सोशल मीडिया पर भी लोग घटना को लेकर कई तरह का कमेंट करते हुए नजर आए।