हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक की मौत
सिकंदराबाद। छह दिन पूर्व नगर हाईवे पर ईदगाह के पास कार की टक्कर से घायल हुए ई-रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने कार चालक के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नगर के काशीराम आवासीय कॉलोनी निवासी गुलशेर ने तहरीर देते हुए बताया कि उसका पुत्र अरमान (20) ई-रिक्शा चलाता था। 30 मई की शाम करीब छह बजे वह वह भाड़ा छोड़ने के लिए जा रहा था। ईदगाह के पास उसने कुछ सामान खरीदने के लिए ई-रिक्शा को रोक दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे कार चालक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। दुर्घटना में अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से अरमान को उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। नोएडा के निजी अस्पताल में शनिवार की सुबह उपचार के दौरान पुत्र की मौत हो गई।