प्रत्याशी की दुकान से बांटी जा रही थी शराब, केस दर्ज
ककोड़। मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए प्रत्याशी की दुकान से शराब बांटी जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार करते हुए शराब को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले में प्रत्याशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसआई रामवीर सिंह ने बताया कि रात में वह शेरपुर तिराहे पर पुलिस टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ककोड़ देहात के प्रधान पद की प्रत्याशी ऊषा देवी पत्नी राजेश जोशी निवासी शेरपुर गांव में परचून की दुकान से मतदाताओं को शराब बांट रही हैं। सूचना पर वह परचून की दुकान पर पहुंचे। दुकान खुली हुई थी। दुकान पर एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का थैला लिए खड़ा था। दूसरा व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे को पकड़े उसमें कुछ गिन रहा था। दोनों व्यक्तियों को दबिश देते हुए हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में अपना नाम टीटू उर्फ जयकिशन जोगी पुत्र चंद्रपाल सिंह बताया। उसने बताया कि उसके छोटे भाई राजेश की पत्नी ऊषा देवी प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। मतदाताओं को बांटने के लिए शराब लाए थे। बताया कि बोरे से 88 पव्वे शराब के बरामद किए गए। दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम गांव निवासी राजेश पुत्र मुरारीलाल जोगी बताया। वह अपने मोहल्ले के मतदाताओं को बांटने के लिए शराब लेने के लिए आया था। उसके पास से 20 पव्वे शराब के बरामद किए गए। बताया कि बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए टीटू, राजेश, ऊषा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।