कलक्ट्रेट में चुनाव चिन्ह लेते प्रत्याशी।
- फोटो : BULANDSHAHR
जिपं चुनाव : 532 प्रत्याशी मैदान में
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत के 52 वार्ड में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की नाम वापसी और चुनाव चिन्ह की प्रक्रिया संपन्न हुई। नाम वापसी के दिन कुल 45 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। अब जिपं सदस्य पर पर कुल 532 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, इस दौरान काफी संख्या में उम्मदवारों के एकत्र होने पर कलक्ट्रेट परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ीं। अधिकारियों ने मौके पर न तो कोई व्यवस्था बनवाई और न ही गाइडलाइन का पालन कराया।
कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार दोपहर तीन बजे से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के लिए चुनाव चिन्ह का वितरण किया जाना था। इससे पहले 52 वार्ड के लिए नामांकन करने वाले कुल 577 प्रत्याशियों में से 45 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया, जिसके चलते अब मैदान में केवल 532 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कोई इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके चलते कलक्ट्रेट सभागार में एक साथ 532 प्रत्याशी और उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे कोरोना की गाइडलाइन की खुलेआम धज्जियां उड़ी। मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन न किए जाने से अब संक्रमण के और फैलने की संभावना बढ़ गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट जगदंबा सिंह ने बताया कि
प्रत्याशी या प्रस्तावक को ही चुनाव चिन्ह लेने के लिए अंदर जाने दिया गया था। वार्ड के अनुसार चुनाव चिन्ह वितरण करने और प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने के कारण भीड़ हुई। फिर भी हर संभव प्रयास करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया गया।