भाभी ने देवर की हत्या की दी थी सुपारी, दो गिरफ्तार
सिकंदराबाद। भाभी की इशारे पर देवर की हत्या करने आए सुपारी किलर दो शार्प शूटरों समेत तीन बदमाशों को स्वाट टीम, सिकंदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वही आरोपी भाभी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध असलाह, बाइक बरामद की है। गिरफ्तार बदमाशों का अपराधिक इतिहास है।
कोतवाली निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रानगढ़ निवासी निशा ने अपने प्रेमी अमित उर्फ कलवा, उसके तीन साथियों राजू, सोनू, मोहित से 24 जनवरी 2018 में अपने पति जगवीर की गोली मारकर हत्या करा दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पत्नी निशा समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य अभियुक्त अमित उर्फ कलवा जोकि पचास हजार का इनामी था चार मार्च 2018 को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। बताया कि जिला कारागार में बंद रहने के दौरान निशा के मृदीप से अवैध संबंध हो गए। मृदीप ने ही निशा की जमानत कराई थी। बताया कि मृतक जगवीर का भाई उसकी हत्या के मामले में पैरवी कर रहा है। जो सिकंदराबाद खुर्जा रोड पर स्पेयर पार्ट की दुकान करता हैं। बताया कि मृतक जगवीर की संपत्ति पर उसका भाई जगपाल के कब्जा करने के डर से निशा से मृदीप के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई और शार्प शूटर विजय राणा, बाबू जाटव को पांच लाख रुपये की सुपारी तय की। शुक्रवार को दोनों शूटरों को मृदीप और निशा ने जगपाल की हत्या करने के लिए जेवर तिराहे पर बुलाया। बताया कि मृदीप व दोनों शूटर जगपाल की हत्या करने के लिए उसकी दुकान पर जा रहे थे। घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। वही निशा को भी जेवर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों से एक बाइक, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक तमंचा 315 बोर बरामद किया। बताया कि गिरफ्तार करने में स्वाट टीम के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्यागी, एसआई श्योपाल सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, असलम, कांस्टेबल मनोज कुमार, मणिकांत त्यागी, कोतवाल सुनील कुमार सिंह, एसआई अखिलेश कुमार पाठक, कांस्टेबल माधव सिंह, राहुल त्यागी, सविता बालियान,राहुल कुमार शामिल रहे।
बताया कि गिरफ्तार किए सभी बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड है। सभी बदमाशों पर जनपद के विभिन्न थानों समेत अन्य जनपदों में आपराधिक मामले दर्ज है। बाबू जाटव को डबल मर्डर में 12 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। वह चार वर्ष पूर्व जमानत पर जेल से छूटकर आया था।