वाहन ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, मौत
बुलंदशहर। नई मंडी चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात वाहन ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में दंपति की उपचार के दौरान मौत हो गई। देर रात ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। साथ ही पुलिस न मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव आलमगीरपुर धनौरा निवासी प्रमोद कुमार पुत्र कुररी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को उनका भाई रिशी अपनी पत्नी राजबाला के साथ बाइक से बुलंदशहर दवाई लेने के लिए गया था। जहां से देर रात दोनों बाइक से ही वापस गांव लौट रहे थे। बताया गया कि जब बाइक सवार दंपती गांव महाराजपुर के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने देर रात ही दोनों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। घर में दो मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। नई मंडी चौकी प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।