बच्चा चोर समझ युवक को पीटा, आठ पर एफआईआर
सिकंदराबाद । औद्योगिक क्षेत्र के गांव अंधेल में लोगों ने बच्चा चोर के शक में युवक के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से युवक को बचाया। पुलिस ने मौके से हिरासत में लिए गए आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक औद्योगिक क्षेत्र के गांव अंधेल में पहुंच गया। अनजान युवक को गांव में घूमता देख ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर-बच्चा चोर का शोर मचाते हुए घेर लिया। ग्रामीणों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची डायल-100 के पुलिसकर्मियों से बड़ी मुश्किल से भीड़ से युवक को बचाया। इस दौरान ग्रामीणों की डायल-100 पुलिस के साथ काफी खींचतान हुई। सूचना पर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज उन्हें जेल भेज दिया गया।