एसडीएम के आश्वासन पर 10 घंटे में भूख हड़ताल समाप्त
बुलंदशहर। राजस्थान में छात्र की हत्या के विरोध में भूख हड़ताल कर रहे आजाद समाज पार्टी के संस्थापक की हड़ताल को देर रात सिकंदराबाद एसडीएम ने आश्वासन के बाद तुड़वाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने जूस पीकर भूख हड़ताल समाप्त की।
राजस्थान में बीते दिनों कक्षा तीन के छात्र इंद्र मेघवाल की उसके अध्यापक ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि बच्चे ने अध्यापक का पानी पी लिया, जिससे बौखलाए अध्यापक ने उसकी पीट कर हत्या कर दी। बच्चे की मौत के बाद से जनपद में भी एससी वर्ग में रोष व्याप्त है।
बृहस्पतिवार को विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट गेट पर धरना भी दिया था। वहीं, शुक्रवार को भीम वाहिनी बहुजन एकता मिशन के संस्थापक अधिवक्ता मदनपाल गौतम राजेबाबू पार्क के गेट पर अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि इंद्र मेघवाल के हत्यारे अध्यापक को फांसी की सजा दी जाए। परिवार को पचास लाख रुपये आर्थिक मदद और सुरक्षा व फ्लैट दिलाया जाए। संबंधित स्कूल की मान्यता रद्द की जाए, साथ ही एक माह के भीतर फास्ट ट्रैक कोर्ट से मामले का निस्तारण किया जाना चाहिए।
उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को तुड़वाने के लिए डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार देर रात एसडीएम सिकंदराबाद राजेबाबू पार्क पहुंचे और उनसे बातचीत की। साथ ही आश्वासन दिया कि वह जल्द ही सरकार तक उनकी मांगों को डीएम के माध्यम से पहुंचाएंगे। इसके बाद उन्होंने मदनपाल को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। इस अवसर पर सोमवीर सिंह, त्रिलोक चंद, इस्लामुद्दीन सैफी, राम सिंह, सुधीर सिंह, विक्रम जाटव, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।