खाद्य सुरक्षा टीम के साथ जांच के दौरान हाथापाई
बुलंदशहर। मुख्यमंत्री पोर्टल पर एक डेयरी की शिकायत मिलने पर जांच करने लिए गए खाद्य सुरक्षा अधिकारी व उनकी टीम के साथ आरोपी ने हाथापाई कर दी। साथ ही उनके दस्तावेज भी फाड़ दिए। मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार गौतम ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि छह जुलाई को वह एक शिकायत के आधार पर नगर के न्यू राजनगर चांदपुर बंबा के पास डेयरी में जांच करने के लिए गए थे। डेयरी पर सुमित कुमार निवासी न्यू राजनगर संचालन करता हुआ मिला। इस दौरान उन्होंने सुमित से लाइसेंस मांगा तो लाइसेंस उसके पास नहीं मिला। जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई करनी प्रारंभ कर दी। जिस पर आरोपी भड़क गया। साथ ही आरोपी ने उनके साथ गाली गलौच करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनके व टीम के सदस्यों के साथ हाथापाई व धक्कामुक्की भी की। साथ ही आरोपी ने टीम के दस्तावेज भी फाड़ दिए। भविष्य में आरोपी ने उन्हें भुगत लेने की धमकी दी। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी युवक सुमित कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।