20 हजार का इनामी नासिर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 20 हजार के इनामी बदमाश नासिर को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसे उपचार के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जबकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपी के पास से अवैध असलाह व एक बाइक भी बरामद की है। नगर पुलिस और अनूपशहर पुलिस को आरोपी बदमाश की कई दिनों से तलाश थी।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात नगर पुलिस की एक टीम मामन रोड पर संदिग्ध वाहन-बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रूकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक को तेजी से दौड़ाकर भागने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। जिससे बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं पहुंची। वहीं, पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने पकड़ लिया। जिसकी शिनाख्त नासिर निवासी गांव चावली थाना कोतवाली देहात, हाल पता बीसा कॉलोनी थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक बाइक, अवैध असलाह आदि सामान बरामद किया है।
वहीं, आरोपी के फरार साथी की पहचान रेहान उर्फ निहाल निवासी आवास विकास कॉलोनी थाना कोतवाली नगर हापुड़ हाल पता निवासी सुशीला विहार कॉलोनी थाना कोतवाली नगर जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। एसएसपी ने बताया कि घायल बदमाश नासिर शातिर चोर है, जिसकी नगर कोतवाली और अनूपशहर पुलिस को अलग-अलग मामलों में तलाश थी। उसके लगातार फरार रहने पर उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया था। आरोपी नासिर का अस्पताल में उपचार कराकर पूछताछ कर चालान कर दिया गया है।
नासिर पर 9 आपराधिक मामले हैं दर्ज
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए इनामी बदमाश नासिर पर बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर आदि क्षेत्रों में गुंडा एक्ट, चोरी, मारपीट आदि के नौ मामले दर्ज हैं। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है।