अग्निपथ के खिलाफ सडक़ पर उतरे युवाओं ने लगाया जाम, पुलिस ने खदेड़ा
बुलंदशहर/खुर्जा। सेना में भर्ती के लिए शुरू की गई अग्निपथ योजना के विरोध में बृहस्पतिवार को युवा सड़कों पर उतर आए। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने नगर के भूड़ चौराहा और खुर्जा में प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। समझाने के बाद भी जाम खोलने के लिए तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने लाठियां भांजते हुए खदेड़ दिया। कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया गया। बाद में चेतावनी देकर पुलिस ने छोड़ दिया।
बुलंदशहर जिला सैनिकों की वीरता और देशसेवा में शहादत के लिए जाना जाता है। सेना में जाने के लिए तैयारी कर रहे युवाओं को गांवों और कस्बों की सड़कों पर दौड़ लगाते और शारीरिक मेहनत करते हुए दिख जाएंगे। बृहस्पतिवार सुबह भी विभिन्न गांवों के सैकड़ों की संख्या में युवा दौड़ लगाने के लिए घरों से निकले थे। दौड़ लगाने के दौरान युवाओं ने सेना में भर्ती की नई योजना को लेकर चर्चा की। इसके बाद विभिन्न गांवों के युवाओं ने एक-दूसरे से फोन पर संपर्क किया और अपने हक की आवाज उठाने के लिए प्रदर्शन की रणनीति बनाई।
सुबह करीब नौ बजे 40 से अधिक गांवों के सैकड़ों युवा भूड़ चौराहे पर पहुंचे और हाथों में तिरंगा लेकर अग्निपथ को रद्द करने और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर में चौराहे पर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी और एएसपी ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर युवाओं से बातचीत की, लेकिन समाधान नहीं निकला। जिसके बाद युवाओं को सड़क से हटाने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चौराहे पर लगा जाम खुला और अधिकारियों ने राहत की सांस ली। भूड़ चौराहे पर प्रदर्शन करने वाले आठ युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर एक नियत स्थान पर पहुंचाया। बाद में युवाओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
खुर्जा में दो घंटे तक सड़कों पर प्रदर्शन
खुर्जा में युवाओं ने दो घंटे तक सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया और जाम लगाया। इस दौरान उनकी पुलिस से भी नोकझोंक भी हुई। सबसपे पहले एनआरईसी कालेज में सैकड़ों युवा एकत्रित हुए और रोडवेज बस अड्डा के पास जाम लगाने के लिए पहुंच गए। उनके समर्थन में दर्जनों गांवों के युवा भी वहां पहुंचे। अग्निपथ का विरोध करते हुए नारेबाजी की। अलग-अलग ग्रुप में भी युवाओं ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया। तहसील पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह भी छात्रों के समर्थन में पहुंचे। इस दौरान अरब सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं को बेरोजगार करने के लिए लाई गई है।
हाईवे जाम होने से परेशान हुए मुसाफिर
युवाओं के प्रदर्शन के दौरान भूड़ चौराहा करीब एक घंटे तक जाम रहा। चौराहे के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। भीषण गर्मी में वाहनों में सवार लोग परेशान हो उठे। एक घंटे बाद खुल सका। खुर्जा में जीटी रोड, पहासू अड्डा, रोडवेज बस अड्डा और तहसील रोड पर घंटों जाम लगा रहा। सुबह के समय कार्यालयों के लिए निकलने वाले परेशान होते रहे। इस दौरान बड़े बवाल की आशंका के चलते व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले।