नौ स्कूली वाहन सीज, अधूरे मानक पर 13 का काटा चालान
बुलंदशहर। संभागीय परिवहन विभाग के अफसरों के सड़कों पर उतरने के बाद जिलेभर में लगातार अनफिट स्कूली वाहन संचालित मिल रहे हैं। सोमवार को जिलेभर में नौ स्कूली वाहनों को सीज किया गया तो अधूरे मानक होने पर स्कूली वाहन संचालित मिलने पर 13 वाहनों का चालान काटा गया है।
15 दिन पूर्व गाजियाबाद में एक स्कूली बस में सफर करने के दौरान मासूम बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद शासन के निर्देश पर जनपद समेत प्रदेशभर में अनफिट स्कूली वाहनों पर कार्रवाई का अभियान शुरू कर दिया गया। 23 अप्रैल से 29 अप्रैल के बाद अब दोबारा से जिले के संभागीय परिवहन अफसर लगातार कार्रवाई करने में जुटे हुए हैं। सोमवार को संभागीय परिवहन अफसरों की दो टीम द्वारा नगर समेत जिले के अन्य स्थानों पर स्कूली वाहनों की जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन राजीव बंसल ने बताया कि स्कूली वाहनों की जांच के दौरान नौ स्कूली वाहन बिना पंजीकरण के संचालित मिले, जिन्हें सीज कर दिया गया। साथ ही स्कूली वाहनों के लिए निर्धारित मानकों का पालन करने की जगह उल्लंघन करते मिलने पर 13 स्कूली वाहनों का चालान काटा गया है। इन पर 1.38 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बताया कि तीन दिन में चले अभियान के दौरान 48 स्कूली वाहन सीज तो 38 स्कूली वाहनों का चालान काटा जा चुका हे। चालान काटने वाले वाहनों पर 3.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
फिटनेस के लिए पहुंचे 15 स्कूली वाहन मिले अनफिट
बुलंदशहर। अनफिट स्कूली वाहनों पर कार्रवाई के बाद स्कूली वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र लेने के लिए संभागीय कार्यालय पर पहुंचने लगे हैं। एआरटीओ कार्यालय पर पिछले 10 दिन में 99 वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान आरआई की जांच में 15 वाहन मानक के अनुसार नहीं मिले, जिन्हें अनफिट कर वापस भेज दिया गया। आरआई हारून सैफी ने बताया कि स्कूली वाहनों की फिटनेस लगातार हो रही है। पहले की अपेक्षा पिछले 10 दिनों से स्कूली वाहन फिटनेस कराने के लिए आ रहे हैं। एक मई से नौ मई तक 100 स्कूली वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र लेने के लिए आए। इनमें 15 वाहन मानक के अनुसार नहीं मिलने पर बैरंग लोटा दिया गया, जबकि 84 वाहन फिट मिले हैं।