चोरी की दस बाइकों के साथ छह आरोपी गिरफ्तार
बुलंदशहर। बाइक चोरी कर कलपुर्जे बेचने वाले छह आरोपियों को डिबाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दस बाइक और दो बाइकों के पुर्जे बरामद हुए हैं। जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार रात डिबाई पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अतरौली की ओर से दो बाइकों पर चार वाहन चोर डिबाई की ओर आ रहे हैं। इसके बाद दो बाइकों पर सवार कुछ युवक आते दिखाई दिए, जिन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी बाइक लेकर वापस भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों से वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह दस्तावेज नहीं दिखा सके। पूछताछ में पता चला कि दोनों बाइकें चोरी की हैं। इसके अलावा कई स्थानों से बाइक चोरी करते हुए डिबाई से अतरौली रोड स्थित गांव खारिकवारी के पास खंडहर में छिपाया हुआ है। उक्त स्थान पर गिरोह के दो अन्य साथी बा इकों के पुर्जे अलग करने का कार्य कर रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तो दो अन्य आरोपियों को चोरी की आठ बाइक और दो बाइकों के कलपुर्जे के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना नाम रामफल निवासी मुठहैल अलीगढ़, राजू निवासी परौरा अलीगढ़, राजा निवासी कुढैनी बुलंदशहर, भरत निवासी शाहगढ़ अलीगढ़, रिंकू निवासी किठौली अलीगढ़ और गोपाल सिंह निवासी जिरौली अलीगढ़ बताया। आरोपियों के कब्जे से दस बाइकों के साथ दो तमंचे, तीन कारतूस व चाबियों का गुच्छा बरामद हुआ है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी राजू पर 11 और भरत के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।
बाइक रिपेयर की दुकान चलाते हैं रिंकू व गोपाल
बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी रिंकू व गोपाल ने पुलिस को बताया कि वह बाइक रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। जब कोई ग्राहक उनके पास सामान के लिए आता है तो वह चोरी की बाइक का सामान उन्हें उपलब्ध करा देते हैं। इसके अलावा बाइकों के इंजन व चेसिस नंबर बदलकर भी ग्राहकों को उपलब्ध कराते हैं।