महापंचायत के एलान की सूचना पर छावनी बना ढलना गांव
ऊंचागांव/बुलंदशहर। नरसेना थाना क्षेत्र के गांव ढलना में मंगलवार को घुड़चढ़ी के दौरान महापुरुष के नाम के लगे बोर्ड के साथ छेड़छाड़ के मामले को लेकर हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ संगठनों ने गांव में महापंचायत करने का एलान कर दिया। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए एसडीएम, सीओ सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स ने गांव में डेरा डाल दिया है।
थाना नरसेना क्षेत्र के गांव ढलना में मंगलवार की देर शाम एक युवक की घुड़चढ़ी हो रही थी। आरोप है कि जैसे ही गांव के बाहर चामुंडा के मंदिर पर पहुंची तो घुड़चढ़ी में शामिल लोगों ने सड़क किनारे लगे एक महापुरुष का नाम लिखे बोर्ड के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप था कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मोहल्ले में घुड़चढ़ी का विरोध किया। विरोध करने पर आरोपियों ने घुड़चढ़ी में शामिल महिलाओं के साथ गाली गलौज व एक युवक के साथ मारपीट कर दी।
प्रकरण में थाना पुलिस ने दोनो पक्षों की तहरीर पर 40 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बरकरार बनी रही। बुधवार देर शाम कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओ ने सोशल मीडिया पर महापुरुष के बोर्ड को लेकर एक ऑडियो वायरल कर गांव मेें महापंचायत का एलान कर दिया था। सूचना पर बुधवार शाम एसडीएम स्याना सतीश कुमार कुशवाहा, सीओ स्याना अलका सिंह, सीओ अनूपशहर सहित थाना औरंगाबाद, खानपुर, अहमदगढ़, जहांगीराबाद, अहार और नरसेना पुलिस फोर्स गांव पहुंच गई। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने दोनों पक्ष के लोगों से शांति बनाए रखने के लिए अपील की। पुलिस ने एक पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर बोर्ड को सही कराया। एसपी सिटी भी थाना नरसेना पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे एक पक्ष के सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता गांव पहुंचे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझा कर गांव से वापस भेज दिया है।
120 लोगों को किया गया मुचलका पाबंद
नरसेना के गांव ढलना में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि गांव निवासी दोनों पक्षों के 120 लोगों को दो लाख रुपये के मुचलका में पाबंद किया गया है। एसएसपी ने कहा कि किसी भी हालत में जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
कोट
मामले में ऑडियो वायरल होने के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। स्थिति नियंत्रण में है। बोर्ड को सही कराकर वापस लगवा दिया गया है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी